तावडू़ खंड के एक गांव में चाकू की नोक पर एक नाबालिग से दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत महिला पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत की पुष्टि करते हुए मामले की जांच की बात कही है।
पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप है कि 15 मार्च को दोपहर दो बजे के करीब गांव के साथ लगते पहाड़ की वाल में उसकी नाबालिग पुत्री गोबर थापने के लिए गई थी।
आरोप है कि नाबालिग को अकेला देख गांव के एक युवक ने उसे जबरन दबोच लिया और उसके दुपट्टे को मुंह में ठूंस जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। जब काफी देर तक युवती घर नहीं लौटी, तो उसका भाई जब वहां गया, तो एक युवक पीड़िता के साथ जबरदस्ती कर रहा था।
आरोप है कि पीड़िता के भाई ने युवक को दबोच लिया, मगर वह चाकू का डर दिखाकर भाग गया। युवक पर धमकी देने व जान से मारने का आरोप भी पीड़ित पक्ष की ओर से लगाया गया है।