प्रपोज डे पर सोमवार दोपहर प्रेमी युगल ने जान दे दी। पहले प्रेमिका और बाद में प्रेमी ने प्रेमिका के दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी की। पांच-छह साल से एक-दूसरे को प्यार करते थे।
दोनों का अलग-अलग लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। रविवार को युवती का दिल्ली से रिश्ता आया था, गोदभराई हुई थी। युवक बीए फाइनल ईयर का छात्र था। परिजनों ने प्रेम प्रसंग की जानकारी से इनकार किया है।
मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र के सुराना गांव का है। मृतकों में रूपा (19) और सोनू उर्फ सतवीर (22) थे। सोनू बीए फाइनल ईयर का छात्र था और रूपा ने पिछले वर्ष हाईस्कूल में फेल होने पर पढ़ाई छोड़ दी थी।
दोनों एक बिरादरी के अलग-अलग गौत्र से थे। रविवार को युवती का दिल्ली शाहदरा से रिश्ता भी आया था और गोदभराई की रस्म हुई थी। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे सोनू के माता-पिता खेत पर गए थे।
दोनों भाई बाहर गए थे। इसी दौरान रूपा युवक के घर पहुंची। एसओ राजकुमार यादव ने बताया कि हालात देखने से लगता है कि दोनों ने पहले अपने-अपने पिता के नाम सुसाइड नोट लिखा और दुपट्टे का फंदा बनाकर पहले युवती ने पंखे से लटककर जान दी।
युवक ने युवती को नीचे उतारकर बेड पर लिटाया और शव पर कपड़ा डालने के बाद उसी दुपट्टे का फंदा बनाकर खुद पंखे से लटक गया। दो बजे सोनू की मां किरणवती घर पहुंची और कमरा अंदर से बंद देख शोर मचाया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य का देख दंग रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। हालांकि सुसाइड नोट में प्रेमी युगल ने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने की गुहार लगाई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों गांव के इंटर कॉलेज में एक साथ पढ़े थे और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था।
हालांकि दोनों के परिजनों ने प्रेम प्रसंग की जानकारी होने से इनकार किया है। युवती के परिजनों का कहना है कि उन्हें यदि पता होता तो वह युवती की शादी सोनू के साथ कर देते।