साइबर सिटी गुड़गांव में 9 नंबर भवन में चलने वाले रूट 69 पब में डीएलएफ फेस दो की पुलिस ने बुधवार रात छापेमारी की। वहां रात तीन बजे शराब परोसी जा रही थी।
पुलिस ने पंब संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
डीएलएफ फेस दो थाना पुलिस ने पब में रात 12 बजे के बाद शराब परोसे जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की। वहां शराब पीने वालों में आईटी व नेशनल कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग बताए गए।
एसीपी डीएलएफ दलवीर सिंह ने डीएलएफ फेस तीन चौकी पुलिस को छापा मारने भेजा। रात तीन बजे हुई छापेमारी के समय वहां कई युवक और युवतियां शराब पीते मिले।
पुलिस टीम पहुंचने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पब संचालक महेश चौहान भाग निकला। पुलिस ने पब बंद कराने के बाद संचालक महेश चौहान के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आबकारी विभाग से पब को दिए गए समय की अनुमति का ब्यौरा मांगा है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है।