‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से सोमवार को सेक्टर - 49 स्थित द एस डी विद्या स्कूल में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को अपराध के प्रति जागरूक करने के साथ - साथ बचाव के तरीके भी बताए गए ।
इसमें स्कूली छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सेक्टर - 39 की महिला थाना अध्यक्ष शगुफ्ता रिजवी ने छात्रों को सुरक्षा और साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वो सोशल साइट का इस्तेमाल करते वक्त सतर्क रहें।
सोच समझकर ही दोस्त बनाएं। छात्राओं ने भी झिझक तोड़ते हुए खुलकर सवाल - जवाब पूछे। कुछ छात्रों ने पुलिस अपने अधिकारों को गलत प्रयोग करती है, इसके बारे भी पूछा। वहीं एक छात्र ने पूछा कि पुलिस एफआरआई दर्ज नहीं करती है।
पीड़ित को इधर - उधर भटकने पर मजबूर कर देती है। पीड़ित परेशान होकर शिकायत ही नहीं करता है। इस हालत में पीड़ित को क्या करना चाहिए।
इस पर थाना अध्यक्ष ने बताया कि अगर कोई थाना अध्यक्ष एफआईआर दर्ज नहीं करता है तो पीड़ित उच्च अधिकारी को इसकी शिकायत करें। वहीं लड़कियों ने राह चलती लड़कियों पर फब्बतियां कसने वालों को सबक सिखाने के लिए हेल्पलाइन नंबर पूछा।
थानाध्यक्ष रिजवी ने बताया कि अगर किसी छात्रा को स्कूल या कॉलेज जाते समय कोई परेशान करता है तो वो पुलिस की मदद ले सकती है। लड़कियां सबसे पहले पूरी घटना को अपने परिवार वालों को बताएं।
इसके साथ ही पुलिस को 100 नंबर पर शिकायत कर सकती हैं। अगर 100 नंबर पर शिकायत नहीं करना चाहती तो अब 1090 पर कॉल करके परेशान करने वाले शख्स की जानकारी दे सकती हैं।
इस नंबर पर आने वाली सभी कॉल रेकॉर्ड होती है। लिहाजा कॉल पर तुरंत कार्रवाई होगी। अंत में उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रहे क्राइम के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि सोशल साइट पर किसी भी अनजान शख्स को दोस्त न बनाएं।
किसी की बातों के बहकावे में तो बिल्कुल न आए। इसके साथ ही पुलिस की मदद मांगते वक्त कभी भी घबराएं नहीं, खुलकर मदद मांग सकते हैं। पुलिस हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार है।
कार्यशाला में स्कूल की प्रिंसिपल भावना मलिक ने छात्रों को पुलिस से न डरने की सलाह देते हुए कहा कि अगर उन्हें कोई शख्स परेशान करता है तो वो बिना डरे पुलिस से मदद मांगे। पुलिस लोगों की मदद करने के लिए है। इस कार्यशाला में स्कूल की टीचर भी मौजूद थे।