चोटपुर कॉलोनी में फर्नीचर कारोबारी की हुई हत्या के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस आपसी रंजिश से जोड़कर घटना को देख रही है।
पुलिस ने मृतक के रिश्तेदारों व दोस्तों से लंबी पूछताछ की मगर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मौके पर फर्नीचर कारोबारी पर गोली चलाते एक ही हमलावर सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है, हालांकि पुलिस को शक है कि हत्या में गोली चलाने वाले के साथ और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
रविवार रात को चोटपुर कॉलोनी की मार्केट में फर्नीचर कारोबारी राजेंद्र शर्मा के सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया।
मूलरूप से बदायूं के रहने वाले राजेंद्र परिवार के साथ सेक्टर-8 स्थित जेजे कॉलोनी में रहते थे। वारदात के समय रात करीब पौने 9 बजे दुकान के बाहर हो रहे झगड़े को देख रहे थे।
इसी दौरान किसी ने पीछे से आकर उनके सिर में गोली मार दी। मौके पर ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी में एक आरोपी को गोली चलाते हुए देखा गया है। पुलिस के अनुसार उसकी तस्वीर फुटेज में साफ नहीं आई है।