नेशनल हाईवे-91 पर मां-बेटी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म घटना के बाद यूपी पुलिस के डीजीपी जावीद अहमद ने पूरे प्रदेश की पुलिस को हाईअलर्ट कर दिया है।
जिला पुलिस जहां सोमवार रात 10 बजे से लेकर तड़के तीन बजे तक चेकिंग में लगी रही। वहीं बदमाशों ने चुनौती देते हुए दिनदहाड़े तीन लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के हाई अलर्ट को ठेंगा दिखा दिया।
एच्छर चौकी से चंद कदम दूरी पर स्विफ्ट कार लूट ली। वहीं कुलेसरा के पास बदमाशों ने मोबाइल-चेन लूटे, जबकि दनकौर में कलेक्शन एजेंट से 30 हजार रुपये और सात मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई घटना
कासना कोतवाली क्षेत्र के एच्छर चौकी से चंद कदम दूरी पर हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े स्विफ्ट कार लूट ली। राजस्थान के भिवाड़ी जिले का निवासी सुजान कार से दोस्त के भाई को ग्रेटर नोएडा छोड़ने आया था।
यहां से लौटने के दौरान एच्छर चौकी के पास बदमाशों ने उसकी कार को ओवर टेक कर हथियारों के बल पर कार लूट ली। पीड़ित ने फोन कर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित को साथ लेकर दो घंटे तक बदमाश की तलाश घूमते रहे, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका।
गन प्वाइंट पर लूटे मोबाइल व चेन
कुलेसरा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल व चेन लूट लिए। लखनावली निवासी संदीप शर्मा एफएमजी कॉलेज के एडमीशन सेल में कार्यरत है। मंगलवार दोपहर काम कर एसेंट कार से अपने घर जा रहे थे। कुलेसरा गांव के समीप बदमाशों ने उसकी कार को ओवर टेक करके रोक लिया और उसे गन प्वाइंट पर चेन और मोबाइल लूट लिए। पीड़ित ने इकोटेक तीन थाना क्षेत्र में शिकायत दी है।
एजेंट से 30 हजार रुपये लूटे
दनकौर में सैमसंग मोबाइल के डिस्ट्रीब्यूटर के कलेक्शन एजेंट कृष्ण और तरुण बिलासपुर से कलेक्शन लेकर बाइक से आ रहे थे। दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर मुहफाड़ गांव के पास एक पल्सर बाइक में सवार तीन बदमाशों ने उनको ओवरटेक कर लिया। बदमाशों ने दोनों एजेंटों से तमंचे की नोक पर 30 हजार रुपये और सात मोबाइल लूट लिए। पीड़ितों ने दनकौर थाने में शिकायत दी है।