सेक्टर-2 स्थित जिम के बाहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार सुबह पूर्व पार्षद प्रदीप चौधरी उर्फ टीटी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वे हिस्ट्रीशीटर, सपा नेता और प्रॉपर्टी डीलर भी थे।
घटना के समय वे बाइक पर घर से जिम जा रहे थे। वारदात कर हमलावर पिस्टल से फायरिंग करते हुए भाग निकले। हत्यारों ने मुंह पर रुमाल बांध रखा था और शॉल ओढ़ रखी थी।
पुलिस के अनुसार, 5-6 गोलियां मृतक के शरीर में लगी हैं, जबकि 2-3 राउंड मिस हो गए। पूर्व पार्षद के भाई प्रवीण ने महेंद्र पहलवान, नरेंद्र चौहान और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोपियों के साथ प्रदीप चौधरी का 80 वर्ग गज के एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
पूर्व पार्षद और नगर निगम के पूर्व जोनल चेयरमैन प्रदीप चौधरी उर्फ टीटी अपनी पत्नी स्मृति उर्फ पिंकी, मां वीरमती और तीन बच्चों के साथ साहिबाबाद गांव में रहते थे।
रोज की तरह बुधवार सुबह करीब पौने आठ बजे वह घर से वसुंधरा सेक्टर-2 स्थित जिम में जाने के लिए निकले थे। वे जिम के बाहर बाइक खड़ी कर ही रहे थे कि पास ही खड़े दो युवकों ने उनके सिर में गोली मार दी।
नीचे गिरने के बाद भी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक लेकर तैयार खड़े तीसरे साथी के साथ भागने लगे।
आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा किया तो वे हवाई फायर करते हुए हिंडन नहर की ओर भाग निकले। लोग प्रदीप को मोहन नगर के नरेंद्र मोहन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, दो गोली प्रदीप के सिर के पिछले हिस्से में और दो-तीन गोली छाती तथा अन्य हिस्सों में लगी हैं।
बड़े भाई प्रवीण ने राजेंद्र नगर निवासी महेंद्र पहलवान, करहेड़ा निवासी नरेंद्र उर्फ नुदल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों का प्रदीप से 80 गज के प्लाट पर विवाद चल रहा था।
प्लाट राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र में है, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रदीप का इंतजार कर रहे थे हत्यारे
सीओ अतुल यादव ने बताया कि प्रदीप चौधरी रोज सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से बाइक पर जिम जाते थे। वहां से वे मंडी जाते थे। मंडी में सफाई और पार्किंग का ठेका उनके पास था।
वे प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। जिम के पास ही दुकान लगाने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शॉल ओढ़े तीनों युवक प्रदीप के आने से पहले ही सड़क किनारे बाइक लगाकर खड़े थे।
प्रदीप जैसे ही पहुंचे तो दोनों युवकों ने पीछा करते हुए प्रदीप की कनपटी से पिस्टल सटाकर एक-एक फायर किया। गोली लगते ही प्रदीप नीचे गिर गए।
इसके बाद बदमाश ताबड़तोड़ 4-5 फायर करते हुए नहर की ओर भाग गए। घटनाक्रम को देखकर साफ है कि बदमाश कई दिन से प्रदीप की रेकी कर रहे थे। अस्पताल और मोर्चरी पर भारी भीड़ जमा होती देख एसपी सिटी और अन्य अधिकारी मयफोर्स पहुंचे।