गुड़गांव में नौकरी के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक प्लेसमेंट एजेंसी संचालक के खिलाफ सेक्टर पांच थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। दिल्ली की एक युवती की शिकायत के बाद ऐसे 20 युवाओं की पहचान हुई है जो इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, उत्तम नगर की रहने वाली प्रेरणा पुत्री संजीव ने शिकायत दी कि पिछले दिनों उसने सेक्टर पांच की डीएसएल एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक प्लेसमेंट एजेंसी में पंजीकरण कराया था।
यह भी पढ़ें: कंपनी के 180 फ्रिज उठा ले गए चोर
उससे 2000 रुपये वसूले गए। एजेंसी संचालक अरविंद त्यागी ने उसे फोन पर जॉब की सूचना देने की बात कही। जब कई दिनों तक उसे कोई सूचना नहीं मिली तो उसने त्यागी को फोन मिलाया।
लेकिन फोन पहुंच से बाहर बताया गया। वह व्यक्तिगत तौर पर अपनी जॉब का स्टेटस जानने प्लेसमेंट एजेंसी पहुंची तो वहां ताला लटका था।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि यहां कई दिनों से ताला लगा है। मामले के जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि शिकायत के बाद जांच में पता चला है कि 20 युवाओं से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। सभी से करीब 20 हजार से अधिक की राशि वसूली गई है।