बाहरी दिल्ली के साउथ रोहिणी इलाके में ऑटो में सोने से मना करने पर नशे में धुत एक युवक ने ऑटो चालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त सचिन (26) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी मोनू उर्फ जीजी (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि नशा करने के बाद मोनू सचिन के ऑटो में सोया था। पुलिस मोनू से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
देर रात घर के नजदीक खड़ा कर दिया था ऑटो
हत्या
पुलिस के मुताबिक, सचिन अपने परिवार के साथ सेक्टर-3, रोहिणी में रहकर किराये पर ऑटो चलाता था। मंगलवार देर रात को सचिन ने अपना ऑटो घर के नजदीक खड़ा कर दिया था।
बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सचिन ऑटो ले जाने के लिए निकला। उसने देखा कि पड़ोस में रहने वाला नशेड़ी युवक मोनू ऑटो पर सो रहा था। सचिन ने मोनू को उठाकर ऑटो से उतरने के लिए कहा।
इससे वह आग-बबूला हो गया। आरोपी ने चाकू से कई वार करके फरार हो गया। सचिन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।