कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने की वजह से ऑब्जर्वेशन होम में रखे गए छह नाबालिगों ने शनिवार को वार्डन के साथ मारपीट कर दी। नाबालिगों ने ऑब्जर्वेशन होम से भागने का भी प्रयास किया लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। होम सुपरिंटेंडेंट दिनेश यादव ने इन नाबालिगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, अधिकारी को उसकी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने आदि की धाराओं मेें केस दर्ज कराया है।
एनआईटी पांच फ्रूट गार्डन में नाबालिगों का ऑबजर्वेशन होम है। एनआईटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मित्रपाल के मुताबिक शनिवार दोपहर किसी बात पर ऑबजर्वेशन होम में नाबालिगों के दो गुट आपस में भिड़ गए। वार्डन इस्लाम खां इन लोगों का झगड़ा समाप्त कराने पहुंचे तो छह किशोरों ने उनके साथ ही अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो सभी उनके साथ हाथापाई करने लगे। छह नाबालिगों ने मिलकर वार्डन को पीट दिया।
चीख पुकार सुनकर अन्य सुरक्षाकर्मी आगे बढ़े तो नाबालिग बाहर भागने के लिए दीवार पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह सभी को पकड़ा और सुपरिंटेंडेंट दिनेश कुमार के सामने पेश कर घटना की जानकारी दी। एसएचओ मित्रपाल ने बताया कि सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर छह नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जुवेनाइल कोर्ट में इनके खिलाफ इस मामले की सुनवाई की जाएगी।