फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली मेरठ से डासना जेल शिफ्ट

Thu, 18 Sep 2014 04:16 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
निठारी कांड के पांच मामलों में दोषी ठहराए जा चुके सुरेंद्र कोली को बुधवार दोपहर मेरठ से डासना जेल शिफ्ट कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच वज्र वाहन में कोली को करीब डेढ़ बजे डासना जेल लाया गया।
विज्ञापन


मेडिकल जांच के बाद उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। बृहस्पतिवार को निठारी के ही एक मामले की सुनवाई सीबीआई कोर्ट में होनी है। इसी के चलते कोली को भी कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

डासना जेल पहुंचते ही हुई मेडिकल जांच में कोली स्वस्थ पाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में भेजा गया। कोली के चेहरे पर किसी प्रकार का तनाव नहीं था। जेल अधिकारियों ने उससे हालचाल भी पूछा।
विज्ञापन


निठारी कांड के एक मामले में राष्ट्रपति से दया याचिका खारिज होने और विशेष न्यायाधीश एके गुप्ता द्वारा उसका डेथ वारंट जारी किए जाने के बाद सुरेंद्र कोली को पिछले दिनों फांसी की सजा देने के लिए मेरठ जेल शिफ्ट कर दिया गया था।

डेथ वारंट में 7 से 12 सितंबर के बीच फांसी दिए जाने की बात कही गई थी। फांसी दिए जाने की तैयारियां चल ही रही थीं कि इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने कोली की फांसी पर 29 अक्तूबर तक स्टे लगा दिया। चूंकि 29 अक्तूबर में अभी काफी समय है और इस बीच सीबीआई गाजियाबाद कोर्ट में निठारी के कई मामलों की तारीख लगी हुई हैं। इसी के चलते कोली को अब वापस डासना जेल शिफ्ट कर दिया गया है।

पंधेर की जमानत अर्जी खारिज
निठारी कांड के आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर की जमानत अर्जी को सीबीआई विशेष न्यायाधीश एके गुप्ता ने खारिज कर दिया है। 15 सितंबर को पंधेर की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए कोर्ट ने फैसला 17 सितंबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया था।

बता दें कि मोनिंदर सिंह पंधेर के खिलाफ निठारी कांड प्रकरण में पांच मामले हैं। पिछले माह पंधेर को सभी मामलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

सीबीआई गाजियाबाद कोर्ट ने प्रत्येक मामले में पंधेर को पांच-पांच लाख के दो-दो जमानती पेश किए जाने का आदेश दिया था। जमानती पेश किए जाने के बाद जब पंधेर का रिहाई परवाना डासना जेल भेजा गया तो पता चला कि उसमें एक धारा कम है।

इसी के चलते पंधेर की ओर से दोबारा जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। पंधेर के परिजन अब लोअर कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें