गुलाबी बाग इलाके में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद परिजनों व आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान रंजीत (35) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बच्ची परिजनों के साथ किशनगंज इलाके में किराए के मकान में रहती है। दूसरी मंजिल पर आरोपी रंजीत रहता है। रविवार दोपहर रंजीत ने शराब पीने के बाद घर के बाहर खेल रही बच्ची को टॉफी देने के बहाने अपने कमरे में ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची। पूछने पर बच्ची ने सारी बात बतायी। यह सुनकर परिजन आरोपी को पकड़कर नीचे लेकर आए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। दुष्कर्म किए जाने की बात सुनकर आस पास के लोग भी वहां पहुंचे और आरोपी को पीटने लगे। इसी दौरान गश्त कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बाद में पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी की हरकत की वजह से उसकी पत्नी अपनी छह माह के बच्चे को छोड़कर चली गयी थी।