जैतपुर थाना इलाके में मंगलवार दोपहर को एक सिरफिरे ने चाकू से आधा दर्जन बार हमला कर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में मृतक महिला का बेटा और बहन घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जैतपुर पुलिस थाने की टीम ने आरोपी राजेश (42) को फरार होने से पहले ही घटनास्थल से पकड़ लिया। पुलिस आरोपी से हत्या के कारणों के बारे में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पैसे के लेन-देन व अवैध संबंधों के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है।
मृतक महिला की पहचान अर्पण विहार निवासी नीरज चौहान (40) के रूप में हुई है। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार, पुलिस को करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर महिला व दो अन्य को घायल कर दिया है।
सूचना मिलते ही जैतपुर थाने की ईआरवी में तैनात एएसआई प्रेम सिंह अपने स्टाफ के साथ तुरंत जे-ब्लॉक, अर्पण विहार, जैतपुर स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने अर्पण विहार निवासी आरोपी राजेश को पकड़ लिया। वह मौके से भाग रहा था।
उसके हाथ में चाकू था और उसके कपड़े खून से सने थे। आरोपी ने नीरज चौहान पर चाकू से आधा दर्जन वार किए थे। वहीं आरोपी ने उसकी बहन विनोद कुमारी (45) और बेटे सत्यम (18) को भी चाकू मार कर घायल कर दिया।
पीसीआर वैन ने तीनों को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां महिला नीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दोनों का इलाज चल रहा है। जैतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है।
राजेश ने बताया कि नीरज चौहान उसके पड़ोस में रहती थी। इन दोनों ने एक साथ रुपये निवेश कर रखे थे। रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों का मंगलवार सुबह विवाद हो गया था।
पुलिस अवैध संबंधों को लेकर भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही वारदात की वजह के बारे में पता लगेगा।