साइबर सिटी की गणपति कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके कार्यालय के बाहर हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार देर रात हुई वारदात को अंजाम देने में चार हमलावर शामिल थे। आरोपियों ने तीन गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना सेक्टर-10 पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद कारण बताया जा रहा है। पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
झज्जर जिले के गांव छबीली निवासी भारत भूषण (40) प्रॉपर्टी डीलर थे। गांव गढ़ी से जुड़ी गणपति कॉलोनी में उन्हाेंने अपना ऑफिस खोल रखा था। बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे वह पहली मंजिल पर बने कार्यालय में अपने दोस्तों के साथ बैठे हुए थे। इस दौरान उनके पास एक युवक पहुंचा और उसने कहा कुछ लोग बाहर खड़े हुए हैं और मिलना चाहते हैं।
भारत भूषण उनसे मिलने के लिए कार्यालय से नीचे आ गए। कार्यालय के नीचे तीन-चार लोग खडे़ हुए थे। भारत भूषण के आते ही उनमें से दो युवकों ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। तीन गोलियां भारत को लगीं, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर कार्यालय में बैठे भारत भूषण के साथी नीचे आए और उसे घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रॉपर्टी डीलर को कुछ लोगों ने उसके कार्यालय से बाहर बुलाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जो युवक बुलाने आया था, भारत भूषण उसे जानते थे।
-सुमित कुमार, डीसीपी क्राइम, गुरुग्राम