नाथूपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह ऑटो कंपनी के चालक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस सहकर्मी की पत्नी से अवैध संबध को हत्या का कारण मान रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।
बृहस्पतिवार सुबह नाथूपुर गांव में खून से लथपथ युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव की शिनाख्त जींद निवासी संदीप (34) के रूप में की गई। नाथूपुर में रहकर संदीप मारुति कंपनी में चालक का काम करता था। तिरुपति एजेंसी मारुति कंपनी को चालक उपलब्ध कराती है। संदीप की पत्नी और दो बेटे गांव में ही रहते हैं।
उसके सिर और नाक पर चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर चाकू से चार वार किए जाने के निशान मिले हैं। डीएलएफ दो थाना प्रभारी सुदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि संदीप की सहकर्मी चालक की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसके चलते उसकी हत्या की गई। पुलिस हर एंगल पर काम कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।