मुफ्त में छोले-भठूरे नहीं देने पर एक बुजुर्ग की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त काशीराम (63) के रूप में हुई है। वारदात सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र के अमन विहार की है।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार काशीराम अपने परिवार के साथ अमन विहार में रहता था।
वह, डी-7 अमन विहार में छोले-भठूरे की रेहड़ी लगाता था। हरिचंद, अपने पिता के साथ ही रेहड़ी पर काम करता था। शनिवार सुबह 9:00 बजे काशीराम और हरिचंद ने रेहड़ी पर काम शुरू ही किया था। इस बीच इलाके का घोषित बदमाश गुरमीत (28) वहां पहुंचा। उसने काशीराम से एक प्लेट छोले-भठूरे मांगे। बोहनी न होने की बात करते हुए काशीराम ने गुरमीत से 15 रुपये मांगे। इस बात पर गुरमीत आग बबूला हो गया। उसने चाकू निकाला और काशीराम पर हमला कर दिया।
बेटा गया था पानी लेने, नहीं तो बचा लेता बाप की जान
वारदात के वक्त हरिचंद, पास के नल पर पानी लेने गया था। जब तक वह अपने पिता की मदद करता आरोपी, काशीराम पर चाकू से कई वार कर चुका था।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। हरिचंद, पिता को लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचा। जहां इलाज के दौरान काशीराम की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बाहरी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार का कहना है कि आरोपी गुरमीत, इलाके का घोषित बदमाश है। उस पर 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
गुरमीत से परेशान हैं स्थानीय लोग
आरोपी गुरमीत से इलाके के लोग खासे परेशान हैं। जिसने भी उसकी शिकायत करने का प्रयास किया आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। हरिचंद ने बताया कि गुरमीत, अकसर उसके पिता की रेहड़ी से मुफ्त खाना खाकर चला जाता था।
शनिवार सुबह आने के कारण उसके पिता ने गुरमीत से रुपये मांगे थे।
यहीं नहीं वह इलाके का घोषित बदमाश है। उस पर पहले से दस से ज्यादा मामले दर्ज हैं।