दिल्ली के नंदनगरी इलाके में बृहस्पतिवार रात आपसी झगड़े में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दो भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों का जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिजनों ने पड़ोसी युवती पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती समेत 9 लोगों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास आदि धाराओं में नामजद मामला दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल हो गया। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।
बीच चौराहे पर मारी गोली!
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद यूनुस सपरिवार नंदनगरी के बी ब्लॉक में रहता है। बृहस्पतिवार रात यूनुस के तीन बेटे कयाम (25), मोहम्मद इमाम व मोहम्मद इमरान (30) घर के सामने खड़े थे।
इसी दौरान पड़ोसी युवती से कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवती ने किसी को फोन कर दिया। कुछ देर में मौके पर आठ युवक पहुंचे और तीनों की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।
हमलावर कयाम को खींचकर चौराहे पर ले गए और दो गोली मार दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर निकले और तीनों भाइयों को जीटीबी पहुंचाया। डॉक्टरों ने मोहम्मद कयाम को मृत घोषित कर दिया।
जातिगत टिप्पणी पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों का कहना है कि कयाम का छोटा भाई कयूम 30 मार्च को गली में खड़ा था। इसी दौरान पड़ोसी युवती ने उस पर जातिगत टिप्पणी की।
विरोध करने पर युवती ने उसे जान से मारने की धमकी दी। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह करवा दी थी। बृहस्पतिवार की रात इसी बात को लेकर मोहम्मद कयाम और युवती में कहासुनी हो गई थी।
मृत युवक के परिजनों की शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस हरकत में आ गई और उसने शुक्रवार शाम दो आरोपी रिक्की (24) और दीपक (25) को गिरफ्तार कर लिया।