मनी ट्रांसफर का काम करने वाले दुकानदार की मंगलवार देर रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश उसके पास से 12 लाख रुपये भी लूट ले गए। मामला सेक्टर-पांच गुड़गांव गांव के पास का है। सेक्टर पांच थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट, हत्या के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से यूपी, कुशीनगर के वनबीरा थाना गांव फतेरहवां का रहने वाला फखरुद्दीन (36) गुड़गांव बस स्टैंड के पास अपनी मनी ट्रांसफर की दुकान बंद कर मंगलवार रात करीब 10:30 बजे घर वापस आ रहा था। गुड़गांव गांव में उसके घर के पास ही दो अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली सीने में लगने के बाद वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा और बदमाश भाग गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और जमीन पर पड़े फखरुद्दीन को सिविल अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाश उसके पास से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जिसमें 12 लाख रुपये बताये जा रहे हैं। सेक्टर पांच थाना पुलिस ने उसके छोटे भाई कमरुद्दीन के बयान पर मंगलवार रात को ही अज्ञात के खिलाफ लूट, हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि फखरुद्दीन किराए पर रहता था। करीब डेढ़ दशक से वह यहां परिवार के साथ रह रहा था।
थाना प्रभारी का कहना है कि मामला सिर्फ लूट का है या फिर इसमें रंजिश भी है, इसकी जांच की जा रही है। मोबाइल डंप लिया जा चुका है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।