रबूपुरा क्षेत्र स्थित भाजपा नेता के ईंट भट्ठे पर तीन महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म व डकैती की वारदात का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। रविवार रात इसी तरह जैतपुर में लाठी-डंडे, रॉड लेकर पहुंचे बदमाशों ने मेट्रो डिपो पर डकैती की कोशिश की। बदमाशों ने गार्ड को बेरहमी से पीटा और एक कार व मोपेड को तोड़ दिया। कर्मचारियों के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। घटना की सूचना न देने पर एसएसपी ने संबंधित चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है।
ग्रेटर नोएडा में मेट्रो लाइन निर्माण के लिए जैतपुर डिपो बनाया गया है। डिपो के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद चौधरी ने बताया कि रात ठीक 12:05 बजे लाठी-डंडे लोहे की रॉड लेकर पहुंचे नौ बदमाशों ने रोड की हाईमास्ट लाइट को बंद कर दिया। इसके बाद दो बदमाश डिपो में घुस गए और सात बाहर खड़े रहे। बाहर की तरफ बैठे दो गार्डों पतराम व विजय को दोनों बदमाशों ने पकडने की कोशिश की लेकिन विजय भाग गया। गार्ड पतराम को पकड़कर बदमाशों ने बेरहमी से पीटा और डिपो के अधिकारी के संबंध में पूछताछ करने लगे।
इसके बाद बदमाशों ने वहां खड़ी कार व मोपेड़ को लाठी-डंडों से तोड़ दिया और वहां बने अस्थायी कार्यालय में डंडे मारने लगे। गार्ड विजय ने डिपो में जाकर शोर मचा दिया। इसके चलते वहां मौजूद अन्य कर्मी व मजदूर शोर मचाने लगे। अधिक लोगों के मौके पर मौजूद होने की भनक पर बदमाश लूटपाट किए बिना ही भाग गए।
दोपहर में थाना प्रभारी ने किया मौका मुआयना
इस घटना की जानकारी डिपो कर्मियों ने औद्योगिक क्षेत्र की चौकी पुलिस को दी। इसके बाद भी चौकी प्रभारी ने आलाधिकारियों को घटना की जानकारी नहीं दी। लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी चंद्रपाल को लाइन हाजिर कर दिया। दोपहर में सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अनुज सिंह ने मौका मुआयना किया और कर्मी व मजदूरों से घटना की जानकारी ली।
आरोपियों का इरादा स्पष्ट नहीं
घटना की पड़ताल की जा रही है, आरोपियों को पकड़ा जाएगा। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों का मारपीट-तोड़फोड़ किस इरादे से की थी। ऐसा भी हो सकता है कि किसी कर्मी या मजदूर से रंजिश के चलते उन्होंने घटना की हो। -अनुज सिंह, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी