दवा के थोक विक्रेता को सब्जबाग दिखाकर 32 लाख की दवा की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। सिटी थाना पुलिस शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी में रहने वाले शिव मलिक ने पुलिस को बताया अमिरा फार्मा के नाम से उनका दवा का कारोबार है। दो माह पहले सचिन कटारिया नाम का एक व्यक्ति उनके पास आया। उसने खुद को ऑल इज वेल कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उससे दवाओं का लेन-देन शुरू किया। सात दिन तक उसने नगद दवा खरीदीं। बाद में उसके नाम पर शहर के अलग-अलग स्थानों से उधार दवा उठाई गईं।
आरोप है कि सचिन 32.33 लाख की दवा ले गया। पता चला कि सचिन ने जहां से दवा उठाईं, वहां स्वयं को अमिरा फार्मा का प्रतिनिधि बताया था। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि मार्केट से उठाई गई दवा को दिल्ली के भागीरथ मार्केट में कम दाम में बेचा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।