जेवर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जहांगीरपुर निवासी एक नाबालिग के परिवार को अपहरण व गैंगरेप की शिकायत करना भारी पड़ रहा है। पीड़ित परिवार को आरोपियों की तरफ से लगातार फोन पर धमकी मिल रही है। दीपावली तक समझौता न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी मिलने का आरोप है। धमकी मिलने के बाद से पीड़ित परिवार बुरी तरह से सहमा हुआ है। किशोरी के पिता ने मामले की शिकायत जेवर कोतवाली पुलिस से की है।
जहांगीरपुर कस्बा निवासी एक किशोरी से 13 अगस्त को घर से पड़ोस जाते वक्त अपहरण कर उसके साथ कस्बे के ही तीन लोगों ने गैंगरेप को अंजाम देकर बेहोशी की हालत में जंगलों में फेंक दिया था। नाबालिग ने परिवार को आपबीती बताई तो किशोरी के पिता ने कस्बा निवासी सुमित, अमित व माधव के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पीड़ित के पिता का आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे उनके फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने दीपावली से पहले इस मामले में समझौता करने को कहा और समझौता न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। धमकी मिलने से पीड़ित परिवार बुरी तरह से डरा हुआ है। पीड़ित के पिता ने बुधवार को जेवर कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।