गुडग़ांव सेक्टर-21 में एक मकान में बैठकर शराब पी रहे दो युवकों ने बुधवार की देर रात तीसरे युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस को आशंका है कि लेन देन के विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। थाना पालम विहार पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।
साइबर सिटी के पालम विहार थाना एरिया अंतर्गत सैक्टर-21 स्थित एक मकान में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सिक्योरिटी गार्ड की सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर संदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के मधु विहार निवासी 21 वर्षीय दिनेश के रूप में की गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पुलिस की 3 टीमें गठित कर दी गई हैं।
दिल्ली के मधु विहार निवासी दिनेश गुडग़ांव में एक निजी कंपनी में काम करता था। सेक्टर-21 स्थित एक मकान में उसने कंसल्टेंसी खोल रखी है। यहां कुछ कर्मचारी व नौकर भी हैं। मकान मालिक 29 अक्तूबर को कोलकाता चला गया था।
वह मूलरूप से कोलकाता का ही रहने वाला है। वह अपने पीछे मकान में एक नौकर एवं अपने वाहन चालक को छोड़ गए थे। उनके जाने के बाद बुधवार को इन दोनों ने घर में शराब की पार्टी की। इसमें इन्होंने अपने मित्र दिनेश (21) को भी बुलाया था।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि सभी ने वहां बैठकर शराब पी। उसके बाद इनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा और इन दोनों ने दिनेश को चाकू मार दिया। आरोपियों ने दिनेश के पेट पर चाकू से करीब 3-4 वार किए और मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ होकर दिनेश ने आवाज लगाकर आसपास के लोगों को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ दूरी पर ही गिर पड़ा। सिक्यूरिटी गार्ड ने उसे लहूलुहान अवस्था में देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए तथ्य
थाना प्रभारी के मुताबिक मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद नहीं हुआ है। घटना के संबंध में सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने मौका मुआयना कर घटनास्थल से फिंगर प्रिंट के अलावा अन्य संदिग्ध वस्तुओं को भी कब्जे में लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच की दिशा निर्धारित की जाएगी।