जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन की गेट संख्या तीन पर एक शख्स ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने पत्नी का किसी अन्य के साथ संबंध होने की वजह से आहत होकर खुदकुशी करने की बात लिखी है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मरने वाले की शिनाख्त संजय शर्मा (48) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक शख्स ने जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन की गेट संख्या तीन के पास जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसकी तबियत बिगड़ गयी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को मरने वाले शख्स के जेब से एक सुसाइड नोट मिला। जिससे उसकी पहचान बुराड़ी निवासी संजय शर्मा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसने अपने सुसाइड नोट लिखा है कि उसकी पत्नी का उसके एक परिचित से संबंध हैं। दोनों किराए पर एक कमरा लेकर रहने लगे हैं। पत्नी के इस बर्ताव से वह काफी आहत है और इसी वजह से खुदकुशी कर रहा है।
जांच में पता चला कि संजय बुराड़ी में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। वह एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसके परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।