सेक्टर-10 में सोमवार दोपहर फोन न उठाने पर एक युवक ने ऑफिस में घुसकर फैशन डिजाइनर को जमकर पीटा। ऑफिस कर्मचारियों के बीच-बचाव कराने पर आरोपी ने युवती को छोड़ा। युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बरेली निवासी एक युवती परिवार के साथ सेक्टर-66 ममूरा में किराये पर रहती हैं। वह सेक्टर-10 में एक कंपनी ऑफिस में फैशन डिजाइनर है। युवक उसके पड़ोस में रहता है। युवती पहले युवक के साथ रिलेशन में थी। हाल में उसका ब्रेकअप हो गया। युवती का आरोप है कि ब्रेकअप होने के बाद से आरोपी युवक उसे फोन करके परेशान कर रहा है।
सोमवार दोपहर भी युवक ने कई बार उसे फोन किया। फोन न उठाने पर आरोपी युवक उसके ऑफिस पहुंच गया। आरोप है कि आरोपी युवक ने ऑफिस में घुसकर युवती के साथ जमकर मारपीट की। सेक्टर-20 थाना प्रभारी अनिल कुमार शाही का कहना है कि युवक को हिरासत में लिया गया है। युवती ने अभी तक लिखित में शिकायत नहीं दी है।