मोदीनगर से प्रेमी के साथ भागी लड़की को पुलिस बरामद कर मेडिकल कराने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल लाई तो हंगामा हो गया। युगल के परिजन अस्पताल में भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे चले।
इस दौरान लड़की पक्ष की एक महिला के साथ भी मारपीट की गई। उसने अभद्रता और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया। सूचना पर कविनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक दोनों पक्ष वहां से भाग चुके थे। इसके बाद पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराया।
कविनगर पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले मोदीनगर की एक कालोनी से प्रेमी-युगल भाग गए थे। इस संबंध में बहला-फुसलाकर ले जाने की एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
काफी तलाश केबाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। सोमवार सुबह पुलिस लड़की का मेडिकल और बयान कराने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल लाई। इस दौरान लड़की केपरिजन अस्पताल में थे।
आरोपी युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए कि कहीं लड़की से उसके परिजन अपने पक्ष में बयान न करा लें। एक-दूसरे को देखकर वे आग-बबूला हो गए। जमकर लात-घूंसे चले।
इस दौरान लड़की पक्ष की एक महिला के साथ भी मारपीट हुई। मेडिकल कराने आए पुलिसवालों कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। कविनगर पुलिस मौके पर पहुंची, मगर आरोपी भाग गए। एसएचओ ने बताया कि जांच की जा रही है।