फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर से गाजियाबाद के पिलखुआ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियार के बल पर बदमाशों ने एक लाख रुपये की नकदी लूटने का मामला सामने आया है।
डॉ. रामचंद्र सोनी रविवार को बरेली में एमडी की पढ़ाई कर रहीं अपनी पत्नी से मिलने गए थे। सोमवार को वह अपने कार चालक पप्पू के साथ घर वापस लौट रहे थे।
सुबह करीब पौने छह बजे जब वह विजय नगर थानाक्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिलखुआ के पास पहुंचे तो दूसरी कार में सवार हथियारबंद चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया।
डॉक्टर जब तक कुछ समझ पाते तीन बदमाश जबरन उनकी गाड़ी में बैठ गए और तमंचे के बल पर उन्हें बंधक बना लिया।
डॉक्टर ने बताया कि बदमाशों ने गन प्वाइंट पर उन्हें चार एटीएम बूथ पर ले जाकर एक लाख रुपये निकलवा लिए और उन्हें छोड़ दिया। बदमाशों की उम्र करीब 20-22 साल की थी। उन्होंने घटना की जानकारी गाजियाबाद पुलिस को दे दी है।