चाणक्यपुरी थाना इलाके में राष्ट्रपति भवन से कुछ दूरी पर हथियारों के बल पर मंगलवार व बुधवार की रात अमेजॉन कंपनी के सामान से भरे वाहन को लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने ड्राइवर का अपहरण कर उसके चेहरे पर लाल मिर्ची का पाउडर डाल दिया और बाद में उसे राजौरी गार्डन इलाके में फेंक दिया। पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लेकर लूटा गया वाहन बरामद कर लिया है।
मूलरूप से पिसावा, जिला अलीगढ़, यूपी निवासी गोपाल अत्री ने बुधवार को चाणक्यपुरी थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह गुरुग्राम निवासी रविंद्र कुमार की टाटा मैजिक चलाता है। मालिक ने गाड़ी को एट लॉजिस्टिक कंपनी को किराये पर दे रखा है। कंपनी अमेजॉन का काम करती है।
मंगलवार 6 जून की रात दरियागंज स्थित अमेजॉन के वेयर हाउस से सामान लोड करके नवादा लेकर जा रहा था। गाड़ी में काफी महंगा सामान था। रात करीब 11:30 बजे वंदे मातरम रोड पर पहुंचा। जब वह बुद्धा गार्डन के गेट नंबर एक से आगे पहुंचा तो ईको कार ने उसकी टाटा मैजिक को टक्कर मारते हुए गलत तरीके से ओवरटेक किया। मजबूरन उसे टाटा मैजिक रोकनी पड़ी।
कार में सात युवक उतरे। इनमें एक ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर टाटा मैजिक छीन ली। अन्य बदमाशों ने उसे ईको कार में डाल लिया। आरोपियों ने उसके चेहरे पर लाल मिर्ची का पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसे राजौरी गार्डन में फेंक दिया। यहां पर गोपाल ने जिप्सी में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को पूरी बात बताई।
हथियारों के बल पर गाड़ी को लूटने की इस वारदात से नई दिल्ली जिले में पूरी तरह हड़कंप मचा रहा। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने टाटा मैजिक में लगे जीपीएस सिस्टम के आधार पर सात बदमाशों को हिरासत में लिया है। देर रात उनसे पूछताछ की जा रही थी।