कल्याणपुरी इलाके में बेटी की शादी के लिए रिश्तेदारों से नोट बदलने जा रहे एक शख्स को बदमाशों ने लूट लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने पहले पीड़ित को लुटने का डर दिखाया और बाद जबरन 25 हजार रुपये लूट लिए। कल्याणपुरी थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित चमन लाल (48) परिवार के साथ 212/6 सब्बरवाल वाली गली साहिबाबाद में रहता है। चमनलाल प्राइवेट नौकरी करता है। 9 दिसंबर को उसकी बेटी की शादी है। चमन ने बेटी की शादी के लिए हजार-हजार के नोट जमा किए थे। लेकिन नोटबंदी के कारण वह चल नहीं पा रहे थे।
शनिवार शाम को चमन 15 ब्लॉक स्थित अपनी ससुराल कार्ड देने व नोट बदलने आ रहा था। ससुराल में कुछ लोगों ने उससे 25 हजार रुपये लेकर नए नोट देने का वादा किया था। इधर रात के समय 11 ब्लॉक के पास चमन आरटीवी से उतर पैदल घर की ओर जाने लगा।
इसी बीच बाइक सवार एक युवक ने पुलिया के पास उसे रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाश ने उसे लुटने का डर दिखाया। इस बीच दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और चमन की जेब में हाथ डाल दिया। मना करने पर हाथ में लिया पॉलीथिन बदमाशों ने छीन लिया। उसी में पच्चीस हजार रुपये रखे थे। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।