पुलिस से बचने के लिए शराब तस्कर इनोवा कार पर लालबत्ती लगाकर शराब की सप्लाई करते थे। नंदनगरी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है। आरोपी अवैध शराब हरियाणा से लाकर दिल्ली व दिल्ली से सटे यूपी के इलाकों में सप्लाई करते थे।
उत्तर-पूर्व जिला डीसीपी डॉ.अजीत कुमार सिंगला के अनुसार, एसआई अखिल को सूचना मिली थी कि प्राइवेट वाहनों से अवैध शराब नंदनगरी इलाके में लाई गई है। इसके बाद एसआई अखिलेश की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई। इस टीम ने 24 जून की तड़के तलाशी अभियान शुरू किया तो पता लगा कि लालबत्ती लगी इनोवा कार व स्विफ्ट कार से अवैध शराब नंदनगरी इलाके में लाई गई है।
पुलिस ने यहां घेराबंदी कर तीन आरोपी राजनगर, पार्ट-2 पालम निवासी राहुल चौहान (24), राठधाना सोनीपत हरियाणा निवासी संजय शर्मा (30) और कैराना शामली यूपी निवासी सादिक अली (22) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों कारें जब्त कर लीं। कारों से अवैध शराब के 4272 क्वार्टर बरामद किए गए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह अवैध शराब की तस्करी के दौरान ही इनोवा कार में लालबत्ती लगाते थे। इनोवा के साथ ही स्विफ्ट कार चलती थी। आरोपी ऐसे दिखाते थे जैसे किसी वीआईपी का काफिला गुजर रहा हो। आरोपियों ने अवैध शराब को छिपाने के लिए दोनों ही कारों में विशेष जगह बना रखी थी।