फरीदाबाद में महिला अपराधों में कमी आती दिखाई नहीं दे रही। इसी क्रम में सामूहिक दुष्कर्म के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सामूहिक दुष्कर्म का एक मामला थाना तिगांव में सामने आया है। 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने 14 अगस्त को पुलिस को बताया कि 13 अगस्त की रात को वह घर से बाहर आई थी।
इसी दौरान टिंकू व ओमदेव ने जबरन उसे कार में बैठा लिया और दिल्ली ले गए। आरोप है कि वहां से दोनों दूसरी गाड़ी में उसे आगरा ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
दो बार बेहोश किया था युवती को
एक अन्य मामले में थाना भूपानी में 14 अगस्त को 18 वर्षीय रीमा (काल्पनिक नाम) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह परिजनों के साथ रहती है।
13 अगस्त की दोपहर को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान दो युवक अरुण व रंजीत आए और कहा कि उसकी मां खेत में बुला रही है। वह चलने के लिए तैयार हो गई।
रीमा का आरोप है कि अरुण व रंजीत ने उसे बाइक पर बिठा लिया। कुछ दूर जाकर उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
रीमा ने बताया कि होश आया तो खुद को एसआरएस मॉल में पाया। जब रीमा ने अरुण व रंजीत का विरोध किया तो घर छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बिठा लिया।
रीमा का आरोप है कि रुमाल सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया। उसे देर शाम करीब 7 बजे होश आया, जिसके बाद अरुण व रंजीत उसे सुनसान जगह ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
नाबालिग से छेड़छाड़
थाना भूपानी क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने 14 अगस्त को पुलिस को शिकायत दी कि वह आठवीं कक्षा में पढ़ती है।
13 अगस्त को वह घर से कुछ दूरी पर रहने वाली अपनी बुआ के यहां जाने के लिए निकली थी। रास्ते में यशपाल नामक युवक मिला, उसने कहा कि वह उसे बाइक से छोड़ देगा।
आरोप है कि यशपाल मंझावली रोड पर ले गया और छेड़छाड़ की। इस दौरान लड़की ने ऑटो में बैठकर भागने का प्रयास किया, लेकिन यशपाल ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तो यशपाल फरार हो गया।