टीवी पर विज्ञापन देखकर जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ठगी का शिकार हो गए। दरअसल प्रोफेसर को बेटे की बारात लेकर बंगलूरू जाना था। इसके लिए उन्होंने जस्ट डायल से ट्रैवल एजेंट की लिस्ट ली और एक एजेंट के झांसे में आ गए।
सस्ते में टिकट देने का झांसा देकर आरोपी ने उनसे 1.43 लाख रुपये ठग लिए। गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने प्रोफेसर की शिकायत पर ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शाहदरा जिला पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर जीआर सैयद परिवार के साथ ताज अपार्टमेंट, गीता कॉलोनी में रहते हैं। वह जामिया मिलिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। दिसंबर में इनके बेटे की शादी होनी है। बारात बंगलूरू ले जाने के लिए इनको आने-जाने के लिए हवाई जहाज के 29 टिकट बुक कराने थे।
सैयद ने अपने दोस्त क्रांति आनंद से किसी ट्रैवल एजेंट का पता लगाने के लिए कहा। क्रांति ने जस्ट डायल से लिस्ट ले ली। सभी से बातचीत करने पर जनकपुरी में ट्रैवल एजेंसी चलाने वाले लक्ष्मण व राहुल मूंगा ने टिकटों के सबसे कम रेट दिए।
आरोपियों ने स्टेट बैंक जनकपुरी शाखा, में राहुल मूंगा के नाम का खाता नंबर देकर टिकटों के पैसे तुरंत ट्रांसफर करने को कहा। ऐसा न करने पर उन्होंने टिकट महंगे होने की बात की।
प्रोफेसर सैयद ने तुरंत दिए गए खाते में 1.43 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद प्रोफेसर ने जब आरोपियों से टिकट लेने के लिए संपर्क करने की कोशिश की, तो उनके नंबर बंद आने लगे। जनकपुरी में उनके दफ्तर पर जाकर देखा गया, तो आरोपियों का पता भी फर्जी निकला। पीड़ित ने गूगल पर जाकर आरोपियों की कंपनी की पड़ताल की, तो पता चला कि कंपनी ने पहले भी कई लोगों के साथ ठगी की है।