आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह का पुलिस ने सोमवार रात पर्दाफाश कर दिया। नॉलेज पार्क क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह नॉलेज पार्क क्षेत्र में छात्रों से संपर्क कर सट्टा लगवाता था।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने पकड़े गए गिरोह के सदस्यों से 15 मोबाइल और 11 हजार रुपये नगदी समेत दो लैपटॉप बरामद किए। पुलिस ने देर रात प्रवीन, गौरव और दिलीप उर्फ टोनू को गिरफ्तार किया। तीनों खुर्जा (बुलंदशहर) के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि आईपीएल शुरू होते ही गिरोह ऑनलाइन सट्टे का काम शुरू कर देता था।
पिछले वर्ष भी गिरोह को खुर्जा पुलिस ने आईपीएल के दौरान गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद गिरोह के सदस्यों ने ग्रेटर नोएडा में सट्टे का काम शुरू कर दिया। गिरोह केवल ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क क्षेत्र के छात्रों को ही निशाना नहीं बनाता था। सिकंदराबाद, खुर्जा, बुलंदशहर, मेरठ, नोएडा और दिल्ली में भी सट्टेबाजी के तार फैले हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों से गिरोह इस कारोबार को चला रहा है।
मैच शुरू होने के पहले और बीच में मोबाइल पर सट्टा लगाने वाले इन्हें फोन कर अपनी राशि लगाने की बात कहते थे। गिरोह के सदस्य इंटरनेट के जरिये ऑनलाइन बुकिंग करते थे, जिसमें मैच के अलावा, रन बनाने और विकेट लेने के साथ-साथ प्रत्येक ओवर या बॉल पर सट्टा लगताथा। वहीं, बैट्समैन के ऑरेंज कैप, गेंदबाजों के लिए वाइलेट कैप के लिए भी सट्टा लगता था।