एनआरएचएम घोटाले में सीबीआई ने आरोपियों पर एक बार फिर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को गाजियाबाद स्थित सीबीआई विशेष कोर्ट में घोटाले से संबंधित छह नई चार्जशीट पेश की गईं।
चार्जशीट में गोरखपुर, महाराजगंज और देवरिया के पूर्व सीएमओ समेत कई आरोपियों का नाम शामिल है। सीबीआई विशेष न्यायाधीश की नियुक्ति न होने के चलते विशेष लोक अभियोजक वीके शर्मा ने सभी चार्जशीट प्रभारी न्यायाधीश के समक्ष पेश कीं।
वीके शर्मा के अनुसार यूपी में एनआरएचएम के तहत अस्पतालों के लिए उपकरणों की खरीद-फरोख्त का ठेका लखनऊ की दो मेडिकल फर्म मैसर्स करिश्मा हेल्थ केयर और मैसर्स सेवा इंटरप्राइजेज को दिया गया था। 2011-12 के दौरान ठेकों के लेनदेन में लाखों रुपये का कमीशन बांटा गया।
नई चार्जशीट में यह हैं आरोपी
महाराजगंज के तत्कालीन सीएमओ अशोक कुमार उपाध्याय, देवरिया के तत्कालीन सीएमओ डाॅ. वाईके सिलोइया, गोरखपुर के तत्कालीन सीएमओ डाॅ. आरएन सिंह, डीटीओ महाराजगंज डाॅ. रामाशंकर प्रसाद गुप्ता, फार्मासिस्ट अशोक कुमार पांडेय, डिप्टी सीएमओ गोरखपुर डाॅ. रामेश्वर सिंह, फार्मासिस्ट एसके कश्यप, देवरिया डिप्टी सीएमओ डाॅ. एके सिंह, करिश्मा हेल्थ केयर के मालिक संजय कुमार अग्रवाल, सेवा इंटरप्राइजेज के रईस आलम सिद्दिकी और ज्ञानदत्त पांडेय शामिल है।