अर्थला निवासी एक बहू ने सास को नशीला पदार्थ मिलाकर चाय पिला दी और उसके बेहोश होने के बाद लाखों रुपये की ज्वेलरी लेकर चंपत हो गई। पति ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए मां के साथ हुई घटना की शिकायत पुलिस को दी है।
अर्थला निवासी विकास निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम उसकी मां एवं पत्नी घर में अकेली थीं। सोमवार देर रात वह घर लौटे तो घर का दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर पहुंचे तो मां बेहोश मिली।
उन्हाेंने तुरंत डॉक्टर को बुलाकर इलाज कराया। कुछ देर बाद मां को होश आया उन्होंने बताया कि शाम को बहू उनके लिए चाय बनाकर लाई थी। चाय पीते ही वह बेहोश हो गई। फिर पता नहीं क्या हुआ।
विकास के अनुसार घर की आलमारी से लाखों की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान गायब है। पत्नी का फोन लगातार बंद आ रहा है।
रिश्तेदारों से भी बात करने की कोशिश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला है। इसके बाद मंगलवार रात को उन्होंने पत्नी के खिलाफ थाना साहिबाबाद में चोरी की शिकायत दी है।
एसएचओ साहिबाबाद ने बताया कि शुरूआती जांच में मामला पति-पत्नी के विवाद का लग रहा है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।