एनएच-24 पर क्रासिंग्स सिटी के सामने इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी चालक को सड़क किनारे छोड़ कर कार लेकर फरार हो गए। चालक ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कार लूट की सूचना दी तो पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस घंटों कार की तलाश में जुटी रही। चालक से पूछताछ करने पर मामला इंश्योरेंस से जुड़ा पाया गया। इस पर पुलिस ने मामले को नोएडा रेफर किया।
एसओ विजय नगर एपी सिंह ने बताया कि कार चालक मूल रूप से नोएडा सेक्टर-22 का रहने वाला था। नोएडा के निजी बैंक से उसने कार को फाइनेंस कराया है। किस्त जमा न होने पर बैंक के रिकवरी कर्मचारियों ने कार को कब्जे में लेकर चालक को एक साइड में उतार दिया। लेकिन चालक ने कार लूट की सूचना फ्लैश करा दी।
लूट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घंटों कार की तलाश में जुटी रही। मामला कार लोन और नोएडा से जुड़ा होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने पीड़ित को नोएडा में रिपोर्ट के लिए भेजा है।