राष्ट्रीय राजमार्ग-91 स्थित गांव लुहारली टोल प्लाजा के नजदीक चार दिन पहले बाइक सवार दंपति से बाइक पर आए बदमाशों ने बैग छीन लिया था। इस दौरान बाइक से गिरकर महिला और उसका चार साल का बेटा घायल हो गए थे।
शनिवार को महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे का इलाज चल रहा है। पुलिस ने वारदात के पांचवें दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अच्छेजा निवासी ताहिर ने बताया कि 21 नवंबर की शाम वह पत्नी सलमा और चार साल के बेटे समर के साथ बाइक से सिकंद्राबाद के गांव भटाना से आ रहे थे।
सिकंद्राबाद में उन्होंने एक ठेली से बिरयानी पैक कराई। जीटी रोड पर टोल प्लाजा के नजदीक बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करके सलमा के कंधे पर लटका बैग झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग गए।
इससे चलती बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सलमा व समर सड़क पर गिर गए। दोनों बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गए। ताहिर ने सूचना परिजनों और 108 नंबर एंबुलेंस को दी। परिजनों ने घायलों को नगर के नवीन अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला की हालत बिगड़ने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहां सलमा की शनिवार को मौत हो गई। उधर, पुलिस अब भी घटना से अनभिज्ञता जाहिर कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी निशांक शर्मा का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।