अपने जीजा को सबक सिखाने की नीयत से एक युवक ने उसकी बहनों की अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दीं। उसने एक फर्जी फेसबुक अकाउंट खोला और जीजा की दो बहनों की तस्वीरें पोस्ट कर दीं। पीड़िता को जैसे ही इसका पता चला उसने मामले की सूचना कमला मार्केट थाना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गांव मोहम्मदपुर झारसा, गुरुग्राम से दबोच लिया। उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि कमला मार्केट थाने में तीन जनवरी को एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि किसी ने उसका फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उसकी व बड़ी बहन की अश्लील फोटो पोस्ट कर दी है। शिकायत मिलने के बाद कमला मार्केट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम से दबोच लिया।