सड़क पर लापरवाही से वाहन दौड़ा रहे चालकों की वजह से अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव चांदपुुर निवासी प्रमोद शनिवार की सुबह शहर आने के लिए ऑटो पर सवार हुए थे। ऑटों में एक युवक और बैठा था। प्रमोद के मुताबिक चालक ऑटो बहुत तेज गति में चला रहा था। दो बार उससे धीरे चलाने को कहा लेकिन उसने नहीं सुना।
मंझावली बस अड्डे के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सडक़ किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में प्रमोद घायल हो गया जबकि बगल में बैठे अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे तिगांव थाने के एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
धौज गांव निवासी तारिफ रविवार को अपने भाई-बहन को बाइक पर बैठा कर फतेहपुर गांव निवासी रिश्तेदार के यहां जा रहा था। फतेहपुर गांव के बाहर ही अनियंत्रित गति से चल रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
तारिफ के भाई तौसीब को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे सारन थाने के एएसआई प्रदीप ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप, आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।