अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी के प्रेमी को चाकू से दर्जनों बार वार करके मौत के घाट उतार दिया था। फेस-2 पुलिस ने फरार आरोपी को शनिवार तड़के गेझा गांव से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के लिए आरोपी हैदराबाद से आया था।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि गेझा गांव में घर में घुसकर पांचू पासवान की 1 अक्तूबर की देर रात हत्या कर दी गई थी। पांचू सेक्टर-93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में चालक था।
जिस महिला के साथ वह लिव इन में रह रहा था, उसने गांव के ही राजू और सद्दाम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था, लेकिन जांच में इनकी भूमिका नहीं पाई गई।
जांच में पता चला कि मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी आसारूल और महिला करीब तीन साल पहले यहां आए थे। दोनों ने दूसरी शादी की थी। पहले से शादीशुदा महिला आसारूल के ससुराल के पड़ोस में रहती थी।
दोनों में अवैध संबंध थे और बेटी भी उसी दौरान पैदा हो गई थी। बाद में दोनों भागकर यहां आ गए और शादी करके सेक्टर-93 में नौकरी करने लगे।