नोएडा के फेज-दो थानाक्षेत्र के सेक्टर-87 में पेशे से डिजाइनर पति पर अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के भाई की ओर से डिजाइनर और उसकी माता-पिता एवं बहन व भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मूलत:बिहार के पटना निवासी रूपा की शादी वहीं निवासी विजय शंकर से हुई थी। विजय शंकर नोएडा फेज-दो की एक कंपनी में बतौर डिजाइनर के रूप में कार्य करता है। कुछ माह पहले विजय शंकर की पत्नी रूपा ने एक बच्चे को जन्म दिया था। उनकी देखरेख करने के लिए रूपा की छोटी बहन आई हुई थी। आरोप है कि 20 अप्रैल की रात को पति शराब पीकर आया और किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ने लगा।
इसी दौरान विजय श्ंाकर की साली निधि ने बीच-बचाव किया तो वह जीने पर गिर गई। बच्चे एवं मौसी दोनों घायल हो गए। आरोप है कि बच्चे और निधि को घायल होते देख आरोपी पति आपा खो बैठा और पत्नी को उठाकर पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने रूपा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतका के भाई ने फेज-दो कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया रूपा का पति उसकी बहन को अक्सर परेशान करता था और पूरा परिवार दहेज की मांग करता था। इसलिए विजयशंकर ने उसकी बहन को पांचवीं मंजिल से नीेच फेंककर मार दिया। जिसकी चश्मदीद गवाह उसकी बहन निधि है। पुलिस ने रूपा के पति, सास, ससुर,ननद और देवर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।