आईपीएल मैच के दौरान होटल के कमरे में सट्टा लगाते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां इन्हें जमानत मिल गई।
सीआईए यूनिट एक को सूचना मिली कि सेक्टर-15 पार्ट दो स्थित पैसिफिक होटल के एक कमरे में सट्टा लगाया जा रहा है। तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने दो युवकों को दबोच लिया।
इनके पास से एक लैपटॉप, एक एलसीडी, सात मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एक डायरी भी मिली है, जिसमें सट्टे का सारा हिसाब-किताब लिखा हुआ है। पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान अर्जुन नगर निवासी रूपेश और हरीश के रुप में हुई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार लैपटॉप में शहर के कई लोगों के नाम मिले हैं। पुलिस ने उनकी भी छानबीन शुरू कर दी है।
हालांकि, पुलिस ने इस मामले में होटल संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर, सेक्टर-40 से पुलिस ने चार लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। युवकों की पहचान अर्जुन नगर निवासी लव कुमार, राजीव नगर निवासी विकास, थाना मदनपुरी निवासी चिराग और भीमनगर निवासी योगेश के रूप में हुई।