दिलशाद गार्डन इलाके में चोरों ने एक मकान का दरवाजा तोड़कर 40 तोले सोने के जेवरात उड़ा लिये। वारदात के समय पीड़ित परिवार उड़ीसा गया था। पड़ोसियों ने परिवार को सूचना दी तो परिवार वापस दिल्ली पहुंचा। पीड़ित परिवार ने अपनी नौकरानी बिमला पर चोरी करवाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सीमापुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी नौकरानी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मूलरूप से उड़ीसा के रहने वाले पीड़ित संजीत कुमार दास परिवार के साथ पॉकेट-1, दिलशाद गार्डन इलाके में रहते हैं। गत 31 मई शाम को संजीत परिवार के साथ उड़ीसा के लिए निकले। इस बीच अगले दिन उनकी नौकरानी बिमला घर पहुंची तो देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है। बिमला ने मामले की सूचना पड़ोसी को दी।
पड़ोसी ने पुलिस व पीड़ित परिवार को सूचना दी। संजीत अगले दिन दिल्ली पहुंचे। उन्होंने घर में रखे सामान की जांच की तो पता चला कि घर से 40 तोले सोने के जेवरात और कुछ अन्य सामान गायब था। संजीत ने पुलिस को बताया कि घर से करीब 15 लाख रुपये से अधिक का सामान गायब था।