दनकौर क्षेत्र के नवादा गांव में बुधवार देर शाम एक 19 वर्षीय युवती की उसके घर के आंगन में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, परिजन युवती के शव का अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, नवादा गांव निवासी युवती ज्योति (19) बुधवार देर शाम आंगन में पशुओं को चारा डालने गई थी। युवती के अन्य परिजन घर के अंदर कमरों में थे। मृतका के भाई पवन नागर ने बताया के अचानक आंगन में गोली चलने की आवाज आई, जिससे घर के सभी लोग दौड़कर आंगन पहुंच गए। तब तक हमलावर फरार हो गए थे।
आंगन में ज्योती जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी और उसकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। परिजन ने युवती को घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दनकौर कोतवाली प्रभारी राजपाल तौमर का कहना है कि युवती की गोली मारकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने गोली चलाते हुए किसी को नहीं देखा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवती के परिजन शव के दाह संस्कारझ् की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं, पुलिस भी सूचना देने के काफी देर बाद गांव में पहुंची थी।
जल्द होगा वारदात का खुलासा : एसपी
पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर हत्यारोपियों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। हत्या के कारणों का पता लगाकर जल्द वारदात का खुलासा होगा।