सड़क पर लड़की को अकेले देखकर मनचलों को पीछा करना महंगा पड़ गया। क्योंकि पीड़िता ने वूमन हेल्पलाइन 181 पर कॉल करके मदद मांगी, जिसके बाद डीसीडब्ल्यू की मोबाइल टीम ने पुलिस की जानकारी दी और मनचलों को गिरफ्तार करवाया।
आयोग ने लड़कियों से अपील की है कि वे दिक्कत में किसी भी प्रकार की वूमन हेल्पलाइन पर मदद मांग सकती हैं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के मुताबिक, सोमवार को पालम पुलिस एरिया में रहने वाली लड़की (14) शाम के समय सब्जी मंडी से घर जा रही थी।
इसी बीच रास्ते में दो लड़कों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। सुनसान रास्ते पर मनचलों ने लड़की से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। इसी बीच लड़की ने अपनी बहन को फोन पर जानकारी दी। पीड़िता की मदद करने के लिए बहन भी मौके पर पहुंची तो मनचलों ने उससे भी छेड़छाड़ शुरू कर दी।
इसके बाद पीड़िताओं ने सहायता के लिए 100 पर पुलिस को कॉल कर मदद मांगी। आयोग का कहना है कि सौ नंबर पर फोन पर मदद मांगने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद आयोग की वूमन हेल्पलाइन 181 पर फोन कर मदद मांगी।
आयोग की मोबाइल हेल्पलाइन(एमएचएल) की काउंसलर ने पुलिस स्टेशन जाकर इस लड़की की एफआईआर दर्ज करायी। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपी लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है।