सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सूर्या विहार निवासी करन सिंह सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग से रिटायर्ड अधिकारी हैं। उनकी जान पहचान अपना एन्क्लेव निवासी जगमोहन सिंह से कुछ वर्ष पहले हो गई थी।
जगमोहन यहां एक दुकान चलाते हैं। वर्ष 2016 में करन सिंह ने एक प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई, जिस पर जगमोहन ने सस्ती दर पर प्लॉट दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्हें भीमगढ़ खेड़ी में एक प्लॉट दिखाया और करन ने प्लॉट खरीदने का अनुबंध कर लिया। इसकी एवज में उन्होंने जगमोहन को 6.5 लाख रुपये दे दिए।
कुछ समय बाद उन्हें पता लगा कि जगमोहन से वह जो प्लॉट खरीद रहे हैं, वह पहले ही बिक चुका है। ऐसे में उन्होंने रुपये वापस किए जाने की मांग की, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एसआई राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।