कार बुक करने के लिए पैसा देने के बहाने एक शख्स ने सेक्टर-2 की एक कंपनी के जीएम को फोन किया। चालक बुकिंग राशि लेने के लिए एक्सयूवी से फेस-2 इलाके में शख्स के पास पहुंचा तो आरोपी चकमा देकर उसकी एक्सयूवी ही लेकर फरार हो गया।
जीएम की शिकायत पर फेस-2 पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने एक्सयूवी को बुलंदशहर से बरामद कर लिया है मगर आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
पुलिस के अनुसार राजेंद्र वर्मा सेक्टर-2 में एक्टिव मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के जीएम हैं। मूल रूप बुलंदशहर का रहने वाला प्रशांत भंगेल में परिवार के साथ रहता है।
प्रशांत कंपनी से एक पुरानी डस्टर कार खरीदना चाहता था। इसके लिए वह राजेंद्र को फोन कर बोला कि डस्टर कार के लिए वह एक लाख रुपया एडवांस में देना चाहता है।
इस पर राजेंद्र ने अपने ड्राइवर को एक्सयूवी से उसके पास सेक्टर-47 में भेज दिया। ड्राइवर मिथलेश वहां पहुंचा तो प्रशांत ने कहा कि सेक्टर-82 में उसके माता-पिता के पास पैसे हैं।
प्रशांत कार में बैठकर ड्राइवर को सेक्टर-82 ले गया। सेक्टर-82 में प्रशांत ड्राइवर को एक मकान के पहले मंजिल पर ले गया। वहां प्रशांत बोला कि कार में मोबाइल छूट गया चाबी दो, मोबाइल लेकर आता हूं।
ड्राइवर से चाभी लेकर प्रशांत एक्सयूवी लेकर भाग गया। पीड़ित ने फेस-2 थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने बुलंदशहर से एक्सयूवी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।