मानसरोवर पार्क इलाके में खेलने के दौरान पांचवीं मंजिल से गिरकर पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार अमनप्रीत सिंह (5) परिजनों के साथ बी ब्लॉक मानसरोवर पार्क इलाके में रहता था।
परिवार में पिता अमरजीत सिंह, मां रजनीश कौर और एक छोटे भाई के अलावा परिवार के अन्य सदस्य हैं। अमरजीत सिंह बिजली मैकेनिक हैं। बृहस्पतिवार दोपहर मां रजनीश अपने छोटे बेटे को दूध पिला रही थी, जबकि अमनप्रीत पांचवीं मंजिल के रेलिंग के पास खेल रहा था।
खेलते खेलते अचानक वह नीचे गिर गया। बच्चे के नीचे गिरते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर रजनीश कौर बदहवास नीचे भागी और जख्मी बेटे को पास के अस्पताल में ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे कोई लापरवाही सामने नहीं आयी है। फिलहाल परिवार वालों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।