सराय रोहिल्ला इलाके में मंगलवार दोपहर रास्ता देने से मना करने पर बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार जिम मालिक पर गोली चला दी। जिम मालिक बाल-बाल बच गए, गोली बोनट पर लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित का आरोप है कि जाम में कैश वैन भी खड़ी हुई थी। बदमाश उसे लूटने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गांव खरमाण, सदर बहादुरगढ़, झज्जर हरियाणा निवासी अजय कुमार (26) शक्ति नगर इलाके में जिम चलाते हैं।
मंगलवार दोपहर जूते खरीदने वह गांव के रिश्तेदार अजीत के साथ शास्त्री नगर कार से आए थे। वापस लौटते समय शास्त्री नगर केनरा बैंक के सामने जाम लगा हुआ था। अजय के पास एक ओर कैश वैन खड़ी थी, जबकि दूसरी ओर बाइक पर हेलमेट लगाए दो युवक। इस बीच बाइक सवार युवक ने अजय से कार पीछे करने को कहा। अजय के मना करते ही पीछे बैठे युवक ने गोली चला दी। मौके पर अफरातफरी मच गई। अजय के कैश लूटने वाले आरोप की भी पुलिस जांच कर रही है।