बल्लभगढ़ ऊंचा गांव स्थित चुंगी के पास स्थित एक निजी बैंक के एटीएम बूथ में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय एटीएम बूथ में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
बूथ में से शोले और धुआं निकलने पर आसपास के दुकानदारों को एटीएम में आग लगने की जानकारी हुई। तुरंत हरकत में आए दुकानदारों ने दमकल को सूचना दी और आग पर काबू पाने में जुट गए।
दुकानदारों ने एटीएम और उसके आसपास पानी का छिड़काव कर आग को दूसरी दुकानों तक नहीं बढ़ने दिया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता पाई। बूथ और ऑटोमेटेड टेलरिंग मशीन (एटीएम) पूरी तरह जल गई थी।
एटीएम मेें कितनी धनराशि जमा थी इसका भी आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि बिजली के तारों या बैकअप बैट्रियों में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी शोलों में तब्दील हुई होगी। ऊंचा गांव चौकी प्रभारी ने बताया कि आग पर काबू कर लिया गया है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, नुकसान का आकलन बैंक के अधिकारी कर रहे हैं।