कभी-कभी नफरत इतनी बढ़ जाती है कि वो ये भी नहीं देखती कि नफरत जताने की जगह ठीक है या नहीं।
इसी के चलते लोग भगवान के घर को भी नहीं छोड़ते ऐसा ही कुछ हुआ ग्रेटर नोएडा में जहां दो गुट नमाज अदा करने को लेकर ही झगड़ पड़े।
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में एक ही समुदाय के दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे और चाकू चल गए जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। दोनों गुटों के नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बे में पुलिस बल तैनात
पुलिस ने बताया कि दनकौर कोतवाली स्थित दीनदयाल चौराहे के पास एक मस्जिद है। पिछले कई साल से कस्बे के लोग यहां नमाज पढ़ते आ रहे हैं। मस्जिद के मौलाना शाहिद खान ने बताया कि सोमवार देर शाम कस्बे के लोग यहां नमाज पढ़ रहे थे।
आरोप है कि उसी दौरान कस्बे के ही रहने वाले जमील, शकील, शाहिद और शकील खान अपने कुछ साथियों के साथ अचानक मस्जिद में चाकू और उस्तरे लेकर आ धमके और वहां नमाज पढ़ रहे लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में शाकिर और इमरान घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के सलीम खान का आरोप है कि सोमवार रात जब उसके बेटे शकील और शाहिद मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे थे उसी दौरान कस्बे के ही रहने वाले कल्लू, शाहिद, अलाउद्दीन, इकराम और शाहरुख ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया जिसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। ऐहतियात के तौर पर कस्बे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।